राजनीतिक लाभ हेतु घुसपैठ -धर्मांतरण को बढ़ावा दे रही झामुमो सरकार: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह बोले- भाजपा को दे लगातार दो कार्यकाल -झारखंड में करेंगे विकास।

धनबाद/झारखण्ड: भाजपा परिवर्तन रैली के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाने के बाद अब शहीद होने का नाटक कर रहे हैं। ऐसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री झारखंड को विकास की ओर नहीं ले जा सकते। इनको बाहर का रास्ता दिखाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास के लिए भाजपा को लगातार दो कार्यकाल दें।

रक्षामंत्री ने झामुमो सरकार पर राजनीतिक लाभ के लिए घुसपैठ और धर्मांतरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने एक राष्ट्र-एक चुनाव को लेकर कहा कि इससे सरकारी खजाने को चार लाख करोड़ रुपये की बचत हो सकती है, क्योंकि लगातार चुनावों से देश को लगभग सात लाख करोड़ रुपये का नुकसान होता है। राजनाथ सिंह ने विदेश में भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भी आलोचना की। 

भाजपा सत्ता में आई तो किसानों को मिलेंगे प्रति एकड़ पांच हजार रुपये: शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड में गुरुवार को एलान किया कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो किसानों को पांच एकड़ पर प्रति एकड़ पांच हजार की सहायता मिलेगी। साथ ही धान की खरीद 3100 रुपये प्रति क्विंटल पर की जाएगी। इसके अलावा झामुमो सरकार की मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना के तहत दी जाने वाली सहायता से दोगुनी वित्तीय सहायता देने की भी घोषणा की गई। 

गुमला जिले के सिसई में भाजपा की परिवर्तन यात्रा में चौहान ने कहा कि झारखंड में पिछली भाजपा सरकार किसानों को पांच एकड़ तक के लिए प्रति एकड़ पांच हजार रुपये सालाना देती थी, लेकिन झामुमो सरकार ने इसे बंद कर दिया। अगर भाजपा राज्य में सत्ता में लौटती है, तो योजना बहाल की जाएगी। चौहान ने कहा कि झामुमो सरकार ने पांच साल पहले खाना पकाने की लागत के रूप में दो हजार रुपये देने का वादा किया था, लेकिन उसने वादा पूरा नहीं किया। झामुमो सरकार ने युवाओं को पांच लाख नौकरियां और बेरोजगार युवाओं को 5,000 रुपये से 7,000 रुपये भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन उन्हें कुछ नहीं दिया सरकारी क्षेत्र में 2.87 लाख से अधिक पद खाली हैं। मैं वादा करता हूं कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो हमारी सरकार पहली कैबिनेट बैठक में सभी रिक्त पदों को भरने के प्रस्ताव को मंजूरी देगी।

चौहान ने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार में महिलाएं और पुरुष सुरक्षित नहीं हैं। पिछले पांच साल में झारखंड में दुष्कर्म के 7,400 से अधिक मामले, अपहरण के लगभग 6,000 मामले और 7,000 से अधिक हत्याएं हुई हैं। 

Leave a Reply