दिल्ली (लम्बा सफर ब्यूरो): पेरिस ओलंपिक में भारतीय रेसलर अमन सहरावत ने 57 किलो फ्री स्टाइल कैटेगरी में बॉन्ज मेडल अपने नाम किया है। ये ओलंपिक में उनका पहला मेडल है। इसके साथ ही पेरिस ओलंपिक में भारत के कुल 6 मेडल हो गए हैं।
अमन ने बॉन्ज मेडल मुकाबले में प्यूर्टो रिको के डेरियन टोई क्रूज को 13-5 से शिकस्त दी। इसके साथ ही अमन ओलंपिक में देश के लिए मेडल जीतने वाले सातवें भारतीय रेसलर बन गए हैं। हालांकि अमन की मेडल जीतने की ये जर्नी आसान नहीं रही।
बताते चलें कि बॉन्ज मेडल मैच के दौरान अमन चोटिल हो गए थे। मैच के दौरान उनके नाक के उपर से खून निकनले लगा था। इसके बावजूद अमन मैट पर डटे रहे और भारत की झोली में एक और मेडल डालने में कामयाब रहे। अमन नाक में लगी चोट के बावजूद खेलते रहे। रेफरी से रेस्ट के लिए भी समय नहीं मांगा।
वहीं दूसरी ओर प्यूर्टो रिको के डेरियन टोई क्रूज मैच के दौरान अमन की दांव के आगे जल्दी थक गए। बाद में उन्होंने चोट बताकर दो बार ब्रेक भी लिया। लेकिन, अमन के आगे उनकी एक नहीं चली और वो ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला जीतने में कामयाब रहे।

