विश्वविख्यात हिमक्रीड़ा स्थल औली

औली (चमोली, उत्तराखंड), 14 फ़रवरी 2026।

उत्तराखंड के विश्वविख्यात हिमक्रीड़ा स्थल औली‍ में आज “इंटरनेशनल स्की स्पोर्टशिप विंटर कार्निवल 2026” का भव्य आयोजन उत्साह, रोमांच और सांस्कृतिक रंगों के मध्य  हुआ। इस अंतरराज्यीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, लेह, जम्मू-कश्मीर, गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत आइस स्कीइंग तथा बोर्ड स्कीइंग की स्पर्धाएँ समानांतर रूप से आयोजित की गईं, जिनमें भारतीय सेना, बीएसएफ, आईटीबीपी तथा अन्य सुरक्षा बलों की विभिन्न इकाइयों ने उल्लेखनीय भागीदारी निभाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह आयोजन साहसिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ है, जिसे राज्य सरकार सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रही है।

धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जोशीमठ, जो बद्रीकाश्रम क्षेत्र का अंग माना जाता है, नंदा देवी पर्वत श्रृंखला से आच्छादित इस मनोहर भूभाग के मध्य स्थित है। नीती घाटी, कांगग्भुंसंडी

शिखर, बद्रीनाथ तथा नीलकंठ पर्वत के सुरम्य परिवेश में अवस्थित औली खिलाड़ियों और पर्यटकों के लिए अद्वितीय आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

आयोजकों द्वारा प्रतिभागियों के लिए आवागमन, आवास, भोजन, त्वरित जलपान, पेयजल तथा सुदृढ़ सुरक्षा एवं चिकित्सीय सुविधाओं की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी, जिसकी सर्वत्र सराहना की गई। इस आयोजन ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त आधार प्रदान किया। होम-स्टे संचालकों, होटल उद्योग से जुड़े लोगों तथा स्थानीय व्यापारियों को “वोकल फॉर लोकल” की भावना के अनुरूप व्यापक लाभ प्राप्त हुआ, जिससे क्षेत्रीय रोजगार और पर्यटन को नई ऊर्जा मिली।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में विशेष आकर्षण जोड़ा। नीती-माणा जोशीमठ क्षेत्र की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोकनृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्थानीय लोकगायक नैथवाल जी की सुमधुर प्रस्तुति तथा पांडव नृत्य की जीवंत झलकियों ने क्षेत्रीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।

कुल मिलाकर खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक वैभव, साहसिक पर्यटन के संवर्धन तथा स्थानीय पर्यटन के प्रचार-प्रसार का यह समन्वित आयोजन औली की प्राकृतिक रमणीयता में चार चाँद लगाने वाला सिद्ध हुआ। वन्यजीव अवलोकन तथा प्रकृति पर्यटन की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण इस क्षेत्र में आयोजित यह महोत्सव राज्य सरकार की दूरदर्शी पहल का सशक्त उदाहरण है, जिसकी व्यापक सराहना की जानी चाहिए।

संवाददाता — एल . एस. न्यूज़, देहरादून

Leave a Reply