जनपद में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को विशेष गहन पुनरीक्षण का दिया गया प्रशिक्षण

रुद्रप्रयाग, 03 जून, 2026 जनपद रुद्रप्रयाग में बुधवार को ऊखीमठ ब्लॉक सभागार  सहित विकास खण्ड जखोली में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निर्वाचन कार्य से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक दी गईं। इससे पूर्व मंगलवार को तहसील रुद्रप्रयाग में विशेष प्रशिक्षण दिया गया था।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बूथ लेवल अधिकारियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता विवरण में संशोधन करने तथा घर-घर सत्यापन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कार्यों को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से संपादित करने के निर्देश भी दिए गए।
विशेषज्ञों ने बताया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इसलिए सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रपत्रों के सही उपयोग, ऑनलाइन पोर्टल पर डाटा अपलोड करने की प्रक्रिया, फील्ड सत्यापन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा आमजन से समन्वय स्थापित कर कार्य करने के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी विशेषज्ञों द्वारा किया गया।

Leave a Reply