रुद्रप्रयाग, 19 अगस्त, 2026 जनसुरक्षा एवं व्यापक जनहित में अस्थायी रूप से स्थगित की गई श्री मद्महेश्वर धाम यात्रा-2026 को आज दिनांक 19 अगस्त, 2026 से पुनः संचालित किया गया।
उप जिलाधिकारी ऊखीमठ द्वारा पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ, तहसीलदार ऊखीमठ एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी रुद्रप्रयाग से प्राप्त अभिमत एवं स्थलीय स्थिति के आधार पर यात्रा पुनः संचालित किए जाने का अनुरोध जिलाधिकारी से किया गया था। प्राप्त जांच आख्या एवं संबंधित विभागों की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया है।
यात्रा के पुनः संचालन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रॉली स्थल पर भीड़ नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। यात्रियों के आवागमन को व्यवस्थित करने, महिला एवं वृद्ध यात्रियों की सहायता तथा किसी आकस्मिक स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
यात्रा मार्ग पर किसी दुर्घटना अथवा आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ एवं खोज एवं बचाव दलों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व संबंधित विभागों द्वारा मार्ग, पुल-पुलिया, ट्रॉली स्थल, सुरक्षा उपकरण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण कर मार्ग को यात्रियों के आवागमन हेतु सुरक्षित घोषित किया जाएगा।
ट्रॉली संचालन का समय निर्धारित
यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रॉली संचालन का समय निर्धारित किया गया है। इसके अनुसार प्रातः 06ः30 बजे से 09 बजे तक, 10ः30 बजे से 1 बजे तक तथा 02ः30 बजे से 06 बजे तक ट्रॉली का संचालन किया जाएगा। निर्धारित अंतराल में विश्राम एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हॉल्ट रहेगा।
संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि यात्रा के पुनः संचालन के दौरान मार्ग की स्थिति, यात्रियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित हों।
यात्रा पुनः प्रारम्भ होने से श्रद्धालुओं को श्री मद्महेश्वर धाम के दर्शन के लिए आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित सुरक्षा निर्देशों एवं संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा करें।
