सड़कों के निर्माण की नई पहल, स्टेज-2 के कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता: महाराज

 24 अक्टूबर, 2026 देहरादून। उत्तराखंड में पर्वतीय सड़कों के निर्माण को गति देने के लिए राज्य सरकार ने नई पहल करते हुए स्टेज-2 के कार्यों को विभागीय प्राथमिकता में शामिल किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री सतपाल महाराज ने बताया कि पूर्व व्यवस्था में स्टेज-1 (पहाड़ कटान एवं डंपिंग जोन का कार्य) पूरा होने के बाद स्टेज-2 के कार्यों की स्वीकृति भी नई सड़कों की भांति माननीय विधायकों की प्राथमिकता पर निर्भर करती थी। इसके कारण अनेक सड़कें वर्षों तक अधूरी रह जाती थीं।

इन सड़कों पर आवश्यक नालियों, पुलियों, सुरक्षा दीवारों, ढलान संरक्षण तथा सड़क की सतह के निर्माण के अभाव में बरसात के दौरान बार-बार यातायात बाधित होता था। इससे स्थानीय जनता को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

लोक निर्माण मंत्री श्री महाराज ने बताया कि नई व्यवस्था के अंतर्गत स्टेज-1 (पहाड़ कटान एवं डंपिंग जोन) तथा स्टेज-2 (सुरक्षा दीवारें, पुलिया एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्य) को एक साथ स्वीकृति दी जाएगी।

इस नई व्यवस्था से सड़क सुरक्षा में सुधार होगा, भूस्खलन एवं वर्षाकालीन क्षति में कमी आएगी तथा बार-बार मरम्मत और पुनर्निर्माण पर होने वाले खर्च को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, पूर्व में किए गए सरकारी निवेश का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल से पर्वतीय क्षेत्रों में अधिक विश्वसनीय एवं बारहमासी सड़क संपर्क उपलब्ध कराने और आम जनता की समस्याओं को कम करने में महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।

श्री महाराज ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करना, उपलब्ध संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करना तथा आम जनता को सुरक्षित एवं बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply