12 साल से सड़क की मांग को लेकर संघर्षरत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय का किया
- रुद्रप्रयाग। पिछले 12 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे इशाला गांव के ग्रामीणों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। आज ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया और अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्राम प्रधान इशाला राजेंद्र राणा के नेतृत्व में ग्रामसभा इशाला सहित जनपद क्षेत्र के विभिन्न गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” और “हम अपना अधिकार मांगते हैं, किसी से भीख नहीं मांगते” जैसे जोरदार नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद की। ग्रामीणों के नारों से जिलाधिकारी कार्यालय परिसर गूंज उठा।
ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 12 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि गांव के ग्रामीण पिछले 12 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को अपने अधिकार के लिए बार-बार जिला मुख्यालय पहुंचकर आंदोलन करना पड़ रहा है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य नीमा देवी ने कहा कि अब ग्रामीणों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा बुलंद कर दिया है। सड़क गांव की मूलभूत आवश्यकता है और ग्रामीण अब किसी भी कीमत पर अपनी मांग से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही स्पष्ट किया कि जब तक सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा और लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग के अधिशासी अभियंता ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि इशाला गांव के लिए सड़क पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। वर्तमान में वन विभाग की ओर से उठाई गई आपत्तियों को दूर करने का कार्य प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। वन विभाग से संबंधित आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे हैं और जल्द कार्य शुरू होने की मांग पर अड़े हुए हैं।
प्रशासन की ओर से सड़क स्वीकृत होने और वन विभाग की आपत्तियों के निस्तारण की जानकारी दिए जाने के बावजूद ग्रामीणों में सड़क निर्माण को लेकर जल्द कार्रवाई की उम्मीद बनी हुई है।
धरना-प्रदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, कांग्रेस नेता लक्ष्मण नेगी, मानवेन्द्र नेगी, सुभाष नेगी, यूकेडी नेता देवेन्द्र चमोली सहित अन्य जनप्रतिनिधि ने अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर बुद्धि बल्लभ थपलियाल, विनित विष्ट, धीर सिंह विष्ट, भीमराज सिंह कठैत, यशबीर सिंह, कैलाश विष्ट, राम सिंह कठैत, कमल सिंह विष्ट, अनिल थपलियाल, यशपाल सिंह, मीना देवी, रजनी देवी, सौणी देवी, नीमा देवी, मनोरमा देवी, पूनम देवी और शिवानी थपलियाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

