रुद्रप्रयाग 25 नवम्बर, 2026 – 22 नवंबर, 2026 को समय लगभग 12:30 बजे ग्राम कुरछोला से जखनौली बारात में जा रहा इक्को वाहन संख्या UK13 TA-4410 अर्जुन बैंड, जखनौली के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। दुर्घटना के समय वाहन में चालक सहित कुल 07 व्यक्ति सवार थे, जिनमें से 03 व्यक्तियों की घटनास्थल पर मृत्यु हो गई थी तथा 03 व्यक्ति घायल हुए थे।
उक्त वाहन दुर्घटना के संबंध में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया द्वारा मजिस्ट्रियल जांच की जा रही है।
उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया ने सर्वसाधारण से अपील की है कि उक्त दुर्घटना के संबंध में यदि किसी व्यक्ति के पास कोई जानकारी, साक्ष्य अथवा अन्य तथ्य उपलब्ध हों, या वह अपना बयान दर्ज कराना चाहता हो, तो एक सप्ताह के भीतर कार्यालय उप जिलाधिकारी जखोली में लिखित अथवा मौखिक रूप से उपलब्ध करा सकता है, ताकि जांच में तथ्यों का समुचित संकलन किया जा सके।

