रुद्रप्रयाग 25 नवम्बर, 2026 जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला गंगा संरक्षण समिति, रुद्रप्रयाग की बैठक बुधवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में गौरीकुंड में 200 केएलडी एसटीपी, सीतापुर में 06 केएलडी एसटीपी, तिलवाड़ा में 100 केएलडी एसटीपी, सोनप्रयाग में 06 केएलडी एसटीपी तथा सोनप्रयाग में सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक सहित 10 केएलडी एसटीपी के निर्माण कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2027 को ध्यान में रखते हुए सभी एसटीपी का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील बनाया जाए। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में तिलवाड़ा स्थित 100 केएलडी एसटीपी (JOHKASOU) तथा पेयजल निगम श्रीनगर से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति को लेकर अलग से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे आगामी यात्रा के दौरान सीवेज प्रबंधन की व्यवस्था सुचारू बनी रहे और गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने के प्रयासों को मजबूती मिल सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कमलेश मेहता, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, कार्य अधिकारी जिला पंचायत प्राची रावत, एसीएमओ डॉ. सीमा टेकचंदानी, जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति अभिलाषा पंवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

