अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने देश के उन निजी उच्च शिक्षण संस्थानों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है जो अपने नाम के साथ ‘इंडिया’, ‘इंडियन’ या ‘नेशनल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर छात्रों के बीच खुद के सरकारी संस्थान होने का भ्रम फैला रहे हैं। AICTE ने इन संस्थानों को चेतावनी दी है कि वे अगले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होने से पहले अपने नाम से इन शब्दों को हटा लें या अपना नाम बदल लें, अन्यथा परिषद खुद इन शब्दों को हटा देगी।
AICTE ने यह सख्ती इसलिए दिखाई है क्योंकि दिसंबर 2025 में इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए जाने के बावजूद, उससे संबद्ध बड़ी संख्या में निजी उच्च शिक्षण संस्थानों ने इन शब्दों का इस्तेमाल बंद नहीं किया और न ही अपने नाम में कोई बदलाव किया। परिषद के इस कदम से फर्जीवाड़ा करने वाले और गुमराह करने वाले संस्थानों में हड़कंप मच गया है।

